Breaking News

30 जुलाई से शुरू होगी कांवड़ यात्रा, 25 जुलाई तक सभी तैयारियां पूरी करें अधिकारी : डीएम

Spread the love

संवाददाता गोविन्द देवल
बदायूं। जिलाधिकारी अवनीश राय ने आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी विभागों को 25 जुलाई तक अपनी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए और कांवड़ मार्ग का प्राथमिकता के आधार पर निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के लिए मार्ग सुगम बनाने को कहा।

डीएम ने कहा कि कांवड़ मार्ग पर लगने वाले सभी शिविरों की विधिवत अनुमति ली जाए तथा यात्रा को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने के प्रयास किए जाएं। उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा 30 जुलाई से शुरू होकर 24 अगस्त तक चलेगी।

उन्होंने कहा कि कछला सहित जनपद के छह प्रमुख स्नान घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में साफ-सफाई, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, शौचालय, गोताखोर, बैरिकेडिंग, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और संकेतक बोर्ड सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। वॉच टावर अच्छी गुणवत्ता के बनाए जाएं तथा शिविर सड़क से 10 से 15 फीट दूर लगाए जाएं।

जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों को डीजे संचालकों के साथ बैठक कर निर्धारित मानकों की जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित ऊंचाई से अधिक डीजे संचालित न हों और केवल धार्मिक गीत ही बजाए जाएं। साथ ही शांति समिति की बैठकें भी समय से आयोजित की जाएं।

अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अरुण कुमार ने बताया कि कांवड़ यात्रा के लिए उप जिलाधिकारी सदर को मेला अधिकारी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि 3, 10, 17 और 24 अगस्त को सोमवार होने के कारण श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ रहने की संभावना है, जबकि 11 अगस्त को श्रावण मासिक शिवरात्रि का स्नान भी होगा।

बैठक में बसों के रूट डायवर्जन, वैकल्पिक यातायात व्यवस्था, कांवड़ मार्ग पर मांस-मछली की दुकानों के संचालन, मदिरा दुकानों पर शासन के निर्देशों का पालन, सड़कों की मरम्मत, विद्युत सुरक्षा, ट्रांसफार्मरों की बैरिकेडिंग, निराश्रित गोवंश की व्यवस्था, कंट्रोल रूम की स्थापना, झाड़ियों की कटाई, महिला चेंजिंग रूम, खाद्य पदार्थों की जांच तथा अन्य व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने बताया कि जनपद में कांवड़ मार्ग की कुल लंबाई लगभग 331 किलोमीटर है और इसके अंतर्गत 123 शिवालय आते हैं। यात्रा के दौरान 106 सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों की भी तैनाती की जाएगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला, संबंधित उप जिलाधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, सहायक निदेशक सूचना आशुतोष चंदोला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

होनहार युवा ने रेलवे प्रोटेक्शन स्पेशल फोर्स की परीक्षा उत्तीर्ण की , प्रशिक्षण के लिए रवाना , गांव में जश्न का माहौल

Spread the loveआसफपुर – क्षेत्र के गांव तखौरा निवासी रवि सिंह चौहान ने अपनी कड़ी …

error: Content is protected !!