संवाददाता गोविन्द देवल
बदायूं। मान्यता प्राप्त पत्रकारों को आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए सूचना विभाग ने महत्वपूर्ण पहल की है। सूचना निदेशक विशाल सिंह ने बताया कि जल्द ही इसके लिए एक विशेष ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया जाएगा, जिसके माध्यम से पत्रकार आसानी से आवेदन कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि जिन मान्यता प्राप्त पत्रकारों ने आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन किया है, लेकिन किसी कारणवश उनका कार्ड अभी तक नहीं बन पाया है, वे राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (एनएचए) के पोर्टल पर अपने आवेदन की स्थिति देख सकते हैं। यदि पोर्टल पर उनका नाम प्रदर्शित होता है तो किसी भी प्रकार के संशोधन के लिए संबंधित जनपद के मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) कार्यालय से संपर्क कर आवश्यक सुधार कराया जा सकता है।
सूचना निदेशक ने बताया कि जिन पत्रकारों ने अभी तक आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन नहीं किया है या आवेदन के बावजूद उनका कार्ड जारी नहीं हो सका है, उनकी सुविधा के लिए शीघ्र ही ऑनलाइन पोर्टल प्रारंभ किया जाएगा। पोर्टल शुरू होने के बाद मान्यता प्राप्त पत्रकार अपने जनपद के जिला सूचना अधिकारी के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि पोर्टल शुरू होने की जानकारी सभी संबंधित मान्यता प्राप्त पत्रकारों को समय से उपलब्ध करा दी जाएगी, ताकि उन्हें आयुष्मान कार्ड बनवाने की प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
Budaun Amarprabhat