बदायूँ। जिले की राजनीति में अपनी विशेष पहचान रखने वाले पूर्व केंद्रीय मंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सलीम इक़बाल शेरवानी 19 जुलाई 2026 को बदायूँ के दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वे स्थानीय लोगों के साथ सीधा संवाद कर जिले की वर्तमान स्थिति और विकास की रूपरेखा पर चर्चा करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, शेरवानी सुबह 10:00 बजे स्थानीय होटल ‘फोर लीफ’ में पहुंचेंगे। यहाँ वे जिले के प्रबुद्ध नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम जनता से मुलाक़ात करेंगे। अपने सरल व्यक्तित्व और मिलनसार स्वभाव के लिए मशहूर पूर्व सांसद का यह दौरा राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
बदायूँ की लोकसभा सीट से पांच बार प्रतिनिधित्व कर चुके सलीम इक़बाल शेरवानी का यहाँ की जनता से पुराना और भावनात्मक लगाव रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस बैठक का मुख्य उद्देश्य केवल राजनीतिक चर्चा नहीं, बल्कि जनता के बीच बैठकर उनके सुख-दुख साझा करना और बदायूँ के सर्वांगीण विकास के लिए सुझाव लेना है।
सलीम इक़बाल शेरवानी ने बदायूँ के निवासियों को इस आत्मीय मिलन समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। उनके समर्थकों का मानना है कि यह बैठक स्थानीय समस्याओं को सुलझाने और बदायूँ को विकास की मुख्यधारा में लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
Budaun Amarprabhat