18 जुलाई को होगा सूची का अंतिम प्रकाशन
बदायूँ: जनपद की समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रो के मतदेय स्थलों के सम्भाजन के सम्बन्ध में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में सांसद, विधानसभा सदस्यों तथा मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय व राज्यीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियो के साथ आहूत बैठक का आयोजन जिला निर्वाचन अधिकारी अवनीश राय के दिशा निर्देशन मे उप जिला निर्वाचन अधिकारी त्रिभुवन की अध्यक्षता में हुआ।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी त्रिभुवन ने अवगत कराया कि मतदेय स्थलों के संभाजन की आलेख्य सूची प्रकाशित करने के उपरांत शिकायतों एवं सुझावों के निस्तारण के उपरांत सूची को अंतिम रूप 18 जुलाई 2026 को किया जायेगा। उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान प्राप्त हुए सुझावों का समाधान कर उनको समाहित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पूर्व में सम्भाजन के उपरान्त जनपद की 06 विधानसभाओं में कुल 1759 मतदान केन्द्र व 2859 मतदेय स्थल थे। आयोग के दिशा निर्देशों के अुनसार 1200 मतदाताओं के आधार पर मतदेय स्थलों का सम्भाजन किया गया, जिसके उपरान्त समस्त 06 विधानसभाओं में 1755 मतदान केन्द्र व 2779 मतदेय स्थल हो गए हैं, जिसकी सूची को अंतिम रूप 18 जुलाई को दिया जाएगा।
उन्होंने बताया की पूर्व मे सम्भाजन के संबंध में माननीय भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम एवं प्रदत्त निर्देशों के क्रम में जनपद की समस्त विधानसभा क्षेत्रो मे स्थापित मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन, पुनर्निधारण एवं नए मतदेय स्थल स्थापित करने हेतु भवनों का चिन्हांकन करते हुए मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियो के साथ बैठक करते हुए मतदेय स्थलों के प्रस्तावो को तैयार किया गया, इसके उपरांत आपत्तियों एवं सुझावों हेतु मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची का प्रकाशन करते हुए, सूची राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियो को 04 जुलाई 2026 को प्राप्त कराई गई।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपस्थित सांसद, विधायकगण, प्रतिनिधियों तथा मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को अवगत कराते हुए बताया कि शुक्रवार की बैठक के उपरांत जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा सभी सलग्नकों सहित मतदेय स्थलों का प्रस्ताव मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को अनुमोदनार्थ प्रेषित किया जायेगा।
इस अवसर पर सांसद व विधायक प्रतिनिधि एवं मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनैतिक व राज्यीय दलों के प्रतिनिधियों सहित समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी व सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी उपस्थित रहे।
—-
Budaun Amarprabhat