is
बदायूं। गिन्दो देवी महिला महाविद्यालय, बदायूं के अंग्रेजी विभाग द्वारा “From Shelley to Tennyson: Romantic Idealism and Victorian Consciousness in English Poetry” विषय पर विशेष अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजशास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. सरला चक्रवर्ती ने की।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. चक्रवर्ती ने साहित्य और समाज के परस्पर संबंध पर प्रकाश डालते हुए कहा कि किसी भी साहित्यिक रचना को उसके सामाजिक एवं सांस्कृतिक संदर्भों से अलग करके नहीं समझा जा सकता। उन्होंने छात्राओं को साहित्य के अध्ययन के साथ सामाजिक बदलावों और मानवीय मूल्यों के प्रति संवेदनशील रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विषय विशेषज्ञ डॉ. ज्योति विष्णोई, सहायक आचार्य, अंग्रेजी विभाग, राजकीय महाविद्यालय, आवास विकास, बदायूं ने शेली से टेनिसन तक की अंग्रेजी कविता में रोमांटिक आदर्शवाद, प्रकृति, कल्पना और स्वतंत्रता के साथ विक्टोरियन युग की सामाजिक, नैतिक एवं बौद्धिक चेतना के विभिन्न आयामों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने साहित्य को तत्कालीन सामाजिक एवं सांस्कृतिक परिस्थितियों से जोड़ते हुए छात्राओं को विषय की गहन समझ प्रदान की।
मुख्य अतिथि प्रो. संध्या सक्सेना, प्राचार्य, राजकीय महिला महाविद्यालय, बदायूं ने कहा कि साहित्य भावनाओं की अभिव्यक्ति मात्र नहीं, बल्कि समाज, संस्कृति और मानवीय चेतना का दर्पण भी है। उन्होंने छात्राओं से साहित्य के अध्ययन के माध्यम से आलोचनात्मक चिंतन, रचनात्मकता और संवेदनशील दृष्टिकोण विकसित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर छात्राओं ने शेली एवं टेनिसन की कविताओं और उनके साहित्यिक योगदान पर आधारित आकर्षक पोस्टर तैयार किए। पोस्टर प्रतियोगिता में स्नेहा ने प्रथम, भूमिका ने द्वितीय तथा साक्षी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का सफल आयोजन एवं संचालन डॉ. शुभी भसीन एवं अवनीशा वर्मा ने किया। अंत में अतिथियों, विषय विशेषज्ञ एवं सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
Budaun Amarprabhat