सम्भल। अपराध व अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को थाना धनारी क्षेत्र में नवनिर्मित पुलिस चौकी ‘दिनौरा’ का भव्य लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल एवं पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि ‘मिशन शक्ति अभियान 5.0’ के तहत महिला सशक्तिकरण की मिसाल पेश करते हुए नवीन चौकी का उद्घाटन क्षेत्र की स्थानीय बालिका आयुषी के कर-कमलों द्वारा कराया गया। प्रशासनिक अधिकारियों की इस संवेदनशील पहल ने समाज में बालिकाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण का एक मजबूत संदेश दिया।
पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि दिनौरा पुलिस चौकी के संचालन से ग्रामीण अंचल में पुलिस की गश्त और सक्रियता बढ़ेगी, जिससे असामाजिक तत्वों व अपराधियों पर कड़ा शिकंजा कसा जा सकेगा। स्थानीय स्तर पर पीड़ितों की शिकायतों की त्वरित सुनवाई होगी और लोगों को आपातकालीन स्थिति में दूरस्थ थानों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने कहा कि नवीन चौकी की स्थापना से इलाके में कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। इससे आम नागरिकों और पुलिस प्रशासन के बीच सीधा और सकारात्मक संवाद स्थापित हो सकेगा। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामवासियों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने पुलिस व प्रशासन के इस कदम की सराहना की और विश्वास जताया कि इससे क्षेत्र में सुरक्षा और शांति व्यवस्था और बेहतर होगी। इस दौरान पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तथा भारी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat