बिल्सी। नगर में बुधवार को जश्ने ईद-मिलादुन्नबी का पर्व हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने हिस्सा लिया।
जुलूस का शुभारंभ सुबह करीब 10 बजे कोठी वाली मस्जिद से हुआ। नात-ए-पाक और परचम कुशाई के साथ जुलूस निर्धारित पारंपरिक मार्गों से होता हुआ खैरी बस स्टैंड पहुंचा। जुलूस में उलेमा और मौलाना नात-ए-पाक पढ़ते हुए चल रहे थे। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने जुलूस का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
पूर्व विधायक हाजी बिट्टन अली ने जुलूस में शामिल अकीदतमंदों को तबर्रुक वितरित किया। इसके बाद जुलूस वापस कोठी वाली मस्जिद पहुंचा, जहां मुल्क में अमन-चैन और तरक्की की दुआ के साथ शांतिपूर्ण समापन हुआ। शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन भी मुस्तैद रहा।
Budaun Amarprabhat