Breaking News

पीड़ितों की मदद को राहत सामग्री लेकर जाएगी बदायूं की स्काउट टीम, सोमवार को अहम बैठक

Spread the love

अनन्त घोष ब्यूरो
बदायूं। पड़ोसी देश नेपाल में ग्लेशियर टूटने के बाद आई भीषण बाढ़ त्रासदी से मची तबाही के बीच पीड़ितों की मदद के लिए बदायूं से ‘भारत स्काउट और गाइड उत्तर प्रदेश’ की विशेष टीम आगे आई है। जिले की स्काउट टीम राहत सामग्री लेकर नेपाल के आपदा प्रभावित इलाकों में पहुंचेगी और जरूरतमंदों को सहायता वितरित करेगी। इस अभियान की रूपरेखा तैयार करने और राहत सामग्री एकत्रित करने के लिए 31 अगस्त (सोमवार) को शाम 3 बजे हाथी पार्क स्थित स्काउट भवन एवं प्रशिक्षण केंद्र पर एक विशेष बैठक बुलाई गई है।
स्काउट संस्था के प्रादेशिक वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिला मुख्यायुक्त महेश चंद्र सक्सेना ने बताया कि जब भी देश अथवा पड़ोसी देशों में कोई प्राकृतिक आपदा आई है, बदायूं की स्काउट संस्था ने हमेशा आगे बढ़कर सेवा कार्य किया है। चाहे तमिलनाडु की सुनामी हो, गुजरात और नेपाल का भूकंप या फिर उत्तराखंड और केदारनाथ की भीषण त्रासदी—संस्था के स्वयंसेवकों ने मौके पर पहुंचकर पीड़ितों को खाद्यान्न (चावल, दाल, चना, चीनी, मुरमुरा) के साथ-साथ दैनिक उपयोग की वस्तुएं जैसे कंबल, चादर, मोमबत्ती, माचिस, बाल्टी और मग आदि वितरित किए हैं।
मुहम्मद असरार ने कहा कि नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ से भारी जान-माल का नुकसान हुआ है; कई पुल और मकान बह गए हैं। ऐसे संकट के समय जिले की स्काउट टीम राहत सामग्री जुटाकर पीड़ितों तक पहुंचाएगी। वहीं, पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने सभी समाजसेवी संगठनों, समाजसेवियों और नागरिकों से अपील की कि वे संकट की इस घड़ी में बेघर हुए लोगों की मदद के लिए आगे आएं और सोमवार को आयोजित होने वाली बैठक में हिस्सा लेकर अपना यथासंभव योगदान दें।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

रोटरी क्लब एवं इनरव्हील क्लब द्वारा संयुक्त रूप से बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण शिवि

Spread the loveबिसौली। रोटरी क्लब एवं इनरव्हील क्लब द्वारा संयुक्त रूप से बच्चों का स्वास्थ्य …