आवासीय पट्टा व पीएम आवास दिलाने के दिए निर्देश
दातागंज। दातागंज विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड दातागंज निवासी राजेश कोरी के असामयिक निधन की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक राजीव कुमार सिंह ‘बब्बू भईया’ तत्काल उनके आवास पहुंचे। आपसी विवाद के उपरांत हार्ट अटैक से हुए निधन पर गहरा दुख जताते हुए उन्होंने शोकाकुल परिजनों और दिवंगत की माता जी से मुलाकात कर अपनी गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।
विधायक ने पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि दुख और संकट की इस कठिन घड़ी में वे स्वयं और शासन-प्रशासन पूरी तरह परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि उन्हें किसी भी स्तर पर अकेला नहीं पड़ने दिया जाएगा और हर संभव सामाजिक व प्रशासनिक मदद मुहैया कराई जाएगी।
परिवार की अत्यंत कमजोर आर्थिक स्थिति को देखते हुए विधायक राजीव कुमार सिंह ने मौके पर ही मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को त्वरित राहत पहुंचाने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने उपजिलाधिकारी दातागंज, ग्राम पंचायत सचिव और क्षेत्रीय लेखपाल को निर्देशित किया कि पीड़ित परिवार को बिना किसी देरी के नियमानुसार आवासीय पट्टा आवंटित किया जाए। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र परिवार को पक्का मकान स्वीकृत कराने की सभी विधिक प्रक्रियाएं तत्काल प्रभाव से पूरी करने के आदेश दिए।
इस दौरान मौके पर उपजिलाधिकारी दातागंज, ग्राम पंचायत सचिव, क्षेत्रीय लेखपाल समेत कई संबंधित प्रशासनिक अधिकारी एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। विधायक के इस त्वरित और संवेदनशील कदम की क्षेत्रवासियों ने सराहना की।
Budaun Amarprabhat