बदायूं। बदायूं में एक मासूम स्कूली छात्रा ने सीधे नगर पालिका अध्यक्ष फातिमा रज़ा से मिलकर जर्जर सड़कों की बदहाली और रोजमर्रा की दिक्कतों को साझा किया। शहर के प्रख्यात सीबीएसई अंग्रेजी प्रवक्ता सैफुद्दीन ‘सैफ सर’ की बेटी आइज़ा सैफ ने पालिका अध्यक्ष से मुलाकात कर अपने स्कूल आने-जाने के मार्ग की दुर्दशा से अवगत कराया।
नन्ही छात्रा आइज़ा ने बताया कि पार्वती आर्य कन्या इंटर कॉलेज से लेकर चाणक्य मिष्ठान भंडार तक और पनवाड़िया बिजलीघर से शिव मंदिर चौराहे तक का मार्ग अत्यधिक खस्ताहाल है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण वाहनों का निकलना दूभर हो जाता है और आए दिन हादसों का डर बना रहता है। छात्रा ने विशेष रूप से ध्यान दिलाया कि आर्य समाज से बालाजी टेंट हाउस वाली रोड पर पुलिया की ऊंचाई अधिक होने के कारण दोपहिया वाहन अक्सर फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं। आइज़ा ने आग्रह किया कि आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए बाजार आने-जाने वाले आम नागरिकों और छात्र-छात्राओं की सुविधा हेतु इन मार्गों की तत्काल मरम्मत कराई जाए।
मासूम बच्ची की संवेदनशीलता और बेबाकी की सराहना करते हुए पालिका अध्यक्ष फातिमा रज़ा ने त्वरित संज्ञान लिया। उन्होंने मौके पर ही पालिका के अवर अभियंता को तलब कर निर्देश दिए कि बच्ची द्वारा चिन्हित सड़कों का स्थलीय निरीक्षण कर मरम्मत का कार्य अविलंब शुरू कराया जाए। साथ ही उन्होंने आइज़ा को भरोसा दिलाया कि जल्द ही इस समस्या का समाधान करा दिया जाएगा।
Budaun Amarprabhat