Breaking News

स्कूल बस की टक्कर से बाइक सवार तीन युवकों की मौत, एक गंभीर घायल

Spread the love

संवाददाता गोविन्द देवल

बिसौली, बदायूं। कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को मदनजुड़ी गांव के सामने स्कूल बस की टक्कर से बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि चौथा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। चारों युवक हत्सा गांव के निवासी थे और दवा लेने के लिए बिसौली आ रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना के बाद गांव में शोक छा गया।

जानकारी के अनुसार, हत्सा गांव निवासी ऋषभ (18) पुत्र नरवेश, रोहन (19) पुत्र चंद्रपाल, नितिन उर्फ निखिल (18) पुत्र मेवाराम और शिवकुमार (17) पुत्र हंस कुमार सोमवार को बाइक से बिसौली आ रहे थे। मदनजुड़ी गांव के सामने स्कूल बस और बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में ऋषभ, रोहन और नितिन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शिवकुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना मिलने पर कोतवाल सत्येंद्र शर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मृतकों और घायल को बिसौली के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। युवकों की मौत से परिवारों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस घायल के उपचार और मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुट गई।

तीन परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

हादसे में जान गंवाने वाले ऋषभ अपने पिता का इकलौता बेटा था। उसके एक भाई की दो वर्ष पहले बीमारी से मौत हो चुकी थी। बेटे की मौत से मां रज्जो का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, रोहन की मां शशिबाला और नितिन की मां सरोज भी बेटे खोने के सदमे से बेहाल हैं। रोहन और नितिन आपस में तहेरे भाई बताए गए हैं। एक ही गांव के तीन युवकों की मौत से हत्सा में मातम पसरा हुआ है।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

बदायूं के 200 विद्यालयों में होगा आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण

Spread the loveस्कूल सुरक्षा कार्यक्रम फेज-3 के प्रभावी क्रियान्वयन पर हुई चर्चा, अग्निशमन उपकरणों की …