बदायूँ। बदायूँ विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में आवागमन और सड़क संपर्क को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद, उत्तर प्रदेश द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत गड्ढा मुक्ति योजना के अंतर्गत आठ प्रमुख संपर्क मार्गों की विशेष मरम्मत के लिए 3 करोड़ 55 लाख 78 हजार रुपये (लगभग 3.56 करोड़ रूपये) की धनराशि स्वीकृत की गई है। शहर विधायक महेश चंद्र गुप्ता के सतत प्रयासों से इन कार्यों का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
लंबे समय से गड्ढों और खस्ताहाल सड़कों की मार झेल रहे ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और दैनिक यात्रियों को इन मार्गों के कायाकल्प से बड़ी राहत मिलेगी।
आठ प्रमुख संपर्क मार्गों में ग्राम खासपुर से मझरा तक के लिए 12.01 लाख, आंवला-बदायूँ मार्ग से हरहरपुर तक के लिए 29.63 लाख, आंवला-बदायूँ मार्ग से नंदगांव तक के लिए 18.82 लाखए बरेली-बदायूँ मार्ग से नाई तक के लिए 69.75 लाख, ग्राम कासिमपुर से खासपुर तक के लिए 54.27 लाख, बदायूँ-चंदौसी मार्ग से मोंगर तक के लिए 76.03 लाख, ग्राम मूसाझाग थाने से तजपुरा वाया गोविंद नगला तक के लिए 77.21 लाख एवं ग्राम पड़ौलिया-ललबुझिया मार्ग से अंतीनगला तक के लिए 18.06 लाख रूपये की स्वीकृत प्रदान की गई है।
सड़कों के सुधरने से न सिर्फ आवागमन सुगम होगा, बल्कि स्थानीय व्यापार, कृषि उपज के परिवहन, शिक्षा और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं तक ग्रामीणों की पहुंच और तेज होगी।
शहर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण उनकी सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह संकल्पित है। बदायूँ विधानसभा क्षेत्र में विकास की रफ्तार निरंतर जारी रहेगी।
Budaun Amarprabhat