डीएम अवनीश राय ने तैयारियों की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश, सीसीटीवी से होगी निगरानी
बदायूं। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी अवनीश राय ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम ने केंद्र व्यवस्थापकों, जोनल, सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट को आयोग के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। जनपद में 24 परीक्षा केंद्रों पर 58,896 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा 25 और 30 अक्टूबर तथा एक नवंबर को दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली अपराह्न तीन से शाम पांच बजे तक चलेगी।
डीएम ने निर्देश दिए कि अभ्यर्थियों की फेस और आइरिस स्कैनिंग के बाद ही प्रवेश दिया जाए। केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, शुद्ध पेयजल, सफाई, बिजली और अलग-अलग महिला-पुरुष शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल और आसपास एंबुलेंस की व्यवस्था भी रहेगी। मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी मानवेन्द्र सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक अंजुम बी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat