17 और 24 अक्टूबर को 2778 मतदेय स्थलों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ, चार जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी अंतिम सूची
बदायूं। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए शनिवार, 17 अक्टूबर से जनपद में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम शुरू होगा। एक जनवरी 2027 की अर्हता के आधार पर पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकेंगे। अभियान के तहत 17 और 24 अक्टूबर को जिले के 2778 मतदेय स्थलों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान बीएलओ बूथों पर मौजूद रहकर मतदाताओं की सहायता करेंगे।
शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अवनीश राय ने संबंधित अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मतदेय स्थलों का संभाजन और पुनर्गठन दो नवंबर 2026 तक पूरा होगा। मतदाता सूची का प्रारूप 12 नवंबर को प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक होगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची चार जनवरी 2027 को प्रकाशित की जाएगी।
Budaun Amarprabhat