Breaking News

कक्षा 12 की छात्रा शशि शाक्य बनीं एक दिन की थानाध्यक्ष

Spread the love

मिशन शक्ति फेज 6.0 के तहत छात्रा ने सुनीं जनशिकायतें, पुलिस कार्यप्रणाली की ली जानकारी

संवाददाता गोविन्द देवल

बदायूं। मिशन शक्ति फेज 6.0 के अंतर्गत रविवार को थाना अलापुर में कक्षा 12 की छात्रा शशि शाक्य को एक दिन के लिए सांकेतिक थानाध्यक्ष बनाया गया। इस पहल के माध्यम से छात्रा को पुलिस की कार्यप्रणाली समझने और महिला सुरक्षा से जुड़े प्रयासों को करीब से जानने का अवसर मिला।

शशि शाक्य, जय प्रकाश शाक्य की पुत्री हैं और अलापुर थाना क्षेत्र के गलेल नगर की निवासी हैं। वह आवासीय कस्तूरबा विद्यालय में कक्षा 12 की छात्रा हैं। सांकेतिक थानाध्यक्ष के रूप में उन्होंने थाने के दैनिक कार्यों की जानकारी ली तथा जनशिकायतों की सुनवाई की। शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश देने की प्रक्रिया से भी अवगत हुईं।

इस दौरान छात्रा को मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों, महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रमों और पुलिस कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। साथ ही थाने में दर्ज मामलों की सुनवाई एवं निस्तारण की प्रक्रिया तथा जनसहभागिता के महत्व को समझाया गया।

कार्यक्रम के दौरान शशि शाक्य सहित कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं ने थाना परिसर, महिला हेल्प डेस्क, थाना कार्यालय और मिशन शक्ति केंद्र का भ्रमण किया। इस अवसर पर मिशन शक्ति प्रभारी उपनिरीक्षक विजय कुमार सहित थाना अलापुर की मिशन शक्ति टीम मौजूद रही।

बदायूं पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति फेज 6.0 का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। इस तरह के कार्यक्रमों से छात्राओं को पुलिस की कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अनुभव मिलता है और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने में मदद मिलती है।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

खितौरा में धूमधाम से हुआ झंडी पूजन, निकाली गई बजरंगबली की भव्य झांकी

Spread the love24 अक्टूबर से शुरू होगा रामलीला महोत्सव, 28 को निकलेगी रामबारात और 4 …