बदायूं। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित अंतरमहाविद्यालयीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए हैं। इस शानदार कामयाबी से महाविद्यालय और जनपद का गौरव बढ़ा है।
महाविद्यालय के क्रीड़ा प्रभारी डॉ. जुनैद आलम ने जानकारी देते हुए बताया कि 70 से 75 किलोग्राम भारवर्ग की प्रतिस्पर्धा में बीए के छात्र हरिचरण दास ने अपने दमदार मुक्कों के दम पर पहला स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक झटका। वहीं, महिला वर्ग के 81 किलोग्राम से अधिक भारवर्ग में एमए (समाजशास्त्र) की छात्रा राखी ने शानदार खेल दिखाते हुए प्रतिद्वंद्वी को पछाड़कर स्वर्ण पदक जीता।
प्रतियोगिता में दोहरी स्वर्णिम सफलता मिलने पर महाविद्यालय परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई। महाविद्यालय की प्राचार्या लेफ्टिनेंट डॉ. श्रद्धा गुप्ता ने दोनों पदक विजेता छात्र-छात्राओं और क्रीड़ा प्रभारी डॉ. जुनैद आलम को बधाई देते हुए सम्मानित किया। इस अवसर पर समस्त प्राध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं ने विजेताओं की हौसलाअफजाई करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्राचार्या ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद में विद्यार्थियों की यह उपलब्धि अन्य युवाओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।
Budaun Amarprabhat