
बिल्सी तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत नैथुआ के मजरा सुकटिया गांव में इन दिनों भीषण गंदगी और जलभराव की समस्या से ग्रामीण परेशान हैं। गांव की कई गलियों में दूषित पानी जमा हो गया है, जिससे लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है।
ग्रामीण गौरव शर्मा और शहजाद हुसैन ने बताया कि नालियों की नियमित सफाई न होने और जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण पानी गलियों में भरा रहता है। बरसात या हल्की बारिश के बाद स्थिति और भी भयावह हो जाती है। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।
गांव के शराफत हुसैन और अन्य ग्रामीणों ने बताया कि मस्जिद के पास स्थिति बेहद दयनीय है। यहां जलभराव की वजह से संक्रामक रोग फैलने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने कई बार ग्राम प्रधान को इसकी जानकारी दी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि ग्राम प्रधान गांव में निवास नहीं करते और दिल्ली में रहते हैं, जिससे गांव की समस्याओं पर समय पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि गांव में साफ-सफाई कराई जाए, जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त की जाए और जनप्रतिनिधि नियमित रूप से गांव में रहकर लोगों की समस्याओं को सुनें, ताकि सुकटिया गांव को गंदगी और जलभराव से निजात मिल सके।
Budaun Amarprabhat