Breaking News

अप्रैल से समान पुष्टाहार आपूर्ति नहीं हुई तो होगा आंदोलन: राजेश सक्सेना

Spread the love

संवाददाता: गोविन्द देवल
बदायूं। समान पुष्टाहार आपूर्ति और लंबित मानदेय भुगतान की मांग को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने आंदोलन की चेतावनी दी है। शुक्रवार को मालवीय आवास गृह में आयोजित मासिक बैठक में वक्ताओं ने स्पष्ट कहा कि यदि अप्रैल से सभी परियोजनाओं में समान रूप से पुष्टाहार की आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा।
बैठक को संबोधित करते हुए मंडल अध्यक्ष मोर श्री गुप्ता एवं जिला अध्यक्ष राजेश कुमार सक्सेना ने कहा कि आंगनबाड़ी बहनों और लाभार्थियों के साथ अन्याय हो रहा है। उन्होंने बताया कि आसफपुर, अंबियापुर, कादरचौक और दहगवां समेत कई परियोजनाओं में नैफेड के माध्यम से प्रत्येक माह रिफाइंड तेल, दाल और दलिया की नियमित आपूर्ति हो रही है, जबकि बिसौली, वजीरगंज, दातागंज, समरेर और सालारपुर परियोजनाओं में स्थानीय इकाई द्वारा केवल मीठा व नमकीन दलिया दिया जा रहा है। इससे लाभार्थियों में असंतोष की स्थिति बन रही है।
जिला उपाध्यक्ष खजाना देवी ने बताया कि जनपद में नई आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आठ महीने बीतने के बाद भी मानदेय नहीं मिला है। वहीं कई कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का दो से चार महीने का मानदेय भी लंबित है। उन्होंने बकाया भुगतान शीघ्र कराने की मांग उठाई।
जिला महासचिव शोभा वर्मा और कोषाध्यक्ष कुमकुम जौहरी ने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि जब तक संगठन मजबूत होकर आवाज नहीं उठाएगा, तब तक समस्याओं का समाधान संभव नहीं है।
बैठक के उपरांत सिटी मजिस्ट्रेट सुरेश पाल सिंह के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में प्रमुख मांगों में लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान, सभी परियोजनाओं में समान पुष्टाहार आपूर्ति तथा पंजीकृत बच्चों की संख्या के अनुसार ही सामग्री उपलब्ध कराए जाने की मांग शामिल है।
संगठन की अगली बैठक 22 मार्च को आयोजित की जाएगी, जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

जनपद में बीते 09 वर्षों में 70520 लाभार्थियो को मिला अपना घर

Spread the loveसरकार ने आवास उपलब्ध कराते हुए 1056.11 करोड़ रुपए किए व्यय: डीएम बदायूं: …

error: Content is protected !!