बरेली। विश्व पर्यावरण दिवस-2026 अभियान के तहत इज्जतनगर मंडल में मंगलवार को रेलवे परिसरों में स्वच्छता और अपशिष्ट पृथक्करण को बढ़ावा देने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा के निर्देशन में आयोजित अभियान में यात्रियों, रेलवे कर्मचारियों और वेंडरों को कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान हल्द्वानी, लालकुआं, काठगोदाम, रुद्रपुर सिटी, बरेली सिटी, कासगंज, हाथरस, काशीपुर, फर्रुखाबाद, फतेहगढ़, कन्नौज, इज्जतनगर और पीलीभीत स्टेशनों पर रंग-कोडित डस्टबिनों के सही उपयोग की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि हरे डस्टबिन में गीला और जैविक कचरा, नीले डस्टबिन में सूखा और पुनर्चक्रण योग्य कचरा तथा पीले डस्टबिन में घरेलू खतरनाक और स्वच्छता संबंधी अपशिष्ट डाला जाता है।
रेलवे स्टेशनों पर उद्घोषणाओं, पोस्टरों, बैनरों और डिजिटल संदेशों के माध्यम से यात्रियों को “स्रोत पर कचरा अलग करने” और रेलवे परिसरों को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान में रेलवे कर्मचारियों, हाउसकीपिंग स्टाफ और यात्रियों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह पहल भारतीय रेल के स्वच्छ, हरित और पर्यावरण अनुकूल रेलवे परिसर विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
Budaun Amarprabhat