जनपद के 15 केंद्रों पर 33,984 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, सुरक्षा और पारदर्शिता पर विशेष जोर
संवाददाता : गोविंद देवल
बदायूं। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, केंद्र प्रभारी पुलिस तथा परीक्षा कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण एवं दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में नोडल अधिकारी (प्रशासन) एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अरुण कुमार ने बताया कि जनपद के 15 परीक्षा केंद्रों पर कुल 33,984 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा तीन दिनों में छह पालियों में आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रत्येक पाली में 5,664 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को केवल प्रवेश पत्र, आधार कार्ड तथा काला अथवा नीला डॉट पेन ले जाने की अनुमति होगी। इसके अतिरिक्त कोई अन्य वस्तु केंद्र के अंदर मान्य नहीं होगी।
एडीएम ने बताया कि बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रैन बसेरों की व्यवस्था की गई है। साथ ही प्राथमिक उपचार हेतु दवाइयों की किट सभी केंद्र अधीक्षकों को उपलब्ध कराई गई हैं।
बैठक में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को परीक्षा के दौरान सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। सभी संबंधित एजेंसियों को किसी भी प्रकार की अफवाह पर नजर रखने तथा समय रहते उसका खंडन सुनिश्चित करने को कहा गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों के धार्मिक प्रतीकों अथवा चिह्नों को हटाने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा, लेकिन सुरक्षा की दृष्टि से सभी अभ्यर्थियों की सघन तलाशी अनिवार्य रूप से की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
Budaun Amarprabhat