Breaking News

रिजर्व पुलिस लाइन में योग सप्ताह का भव्य शुभारंभ, पुलिसकर्मियों ने सीखे निरोग रहने के गुर

Spread the love

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में परेड ग्राउंड में जुटे पुलिस अधिकारी और कर्मचारी

बदायूँ। पुलिसकर्मियों को मानसिक तनाव से मुक्ति दिलाने और उनके शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से रिजर्व पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में योग सप्ताह का भव्य शुभारंभ हुआ। वामा सारथी पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश के तत्वाधान में आयोजित इस योग सप्ताह का नेतृत्व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के कुशल निर्देशन में किया जा रहा है। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पूर्वार्ध में आयोजित इस विशेष शिविर में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी तड़के ही परेड ग्राउंड में योगाभ्यास के लिए एकत्रित हुए।
योग शिविर के प्रथम दिन योग प्रशिक्षक सचिन भारद्वाज ने उपस्थित पुलिसकर्मियों को विभिन्न आसनों और प्राणायाम का अभ्यास कराया। योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ शरीर, संतुलित मन और सकारात्मक सोच का मुख्य आधार है। प्रतिदिन योग करने से न केवल विचारों में सकारात्मकता आती है, बल्कि नियमित साधना से शरीर में दिनभर ऊर्जा का संचार बना रहता है। विशेषकर पुलिस की व्यस्त और तनावपूर्ण कार्यशैली में योग संजीवनी का काम करता है।
24 घंटे देश और समाज की सेवा में तत्पर रहने वाले पुलिसकर्मियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य संवर्धन के लिए यह योग सप्ताह बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। शुभारंभ के अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक (आरआई) इंद्रजीत सिंह समेत पुलिस लाइन बदायूँ के तमाम छोटे-बड़े अधिकारियों और कर्मचारीगणों ने पूरे उत्साह के साथ बढ़-चढ़कर भाग लिया और नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया। यह योग शिविर पूरे सप्ताह अनवरत जारी रहेगा।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

खाटू श्याम, सालासर और मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन को 56 श्रद्धालुओं का जत्था रवाना

Spread the love बिल्सी। नगर की लखदाता सेवा समिति के तत्वावधान में मंगलवार रात 56 …

error: Content is protected !!