सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने जारी की नई सूची
आगामी राजनीतिक चुनौतियों को देखते हुए प्रदेश नेतृत्व का बड़ा फैसला
बदायूं। आगामी राजनीतिक चुनौतियों और संगठन को धरातल पर अधिक मजबूत व धारदार बनाने के उद्देश्य से समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने बदायूं जिला कार्यकारिणी में बड़ा फेरबदल किया है। सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने बदायूं जनपद की जिला कार्यकारिणी में तीन प्रमुख पदाधिकारियों को नामित करते हुए उनकी आधिकारिक घोषणा कर दी है। प्रदेश कार्यालय से इस संबंध में जिलाध्यक्ष आशीष यादव को पत्र जारी कर निर्देश दे दिए गए हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, इन नियुक्तियों में स्थानीय समीकरणों और युवाओं की सक्रियता को विशेष तरजीह दी गई है। जारी सूची के मुताबिक: सुनील यादव (निवासी: मोहल्ला-यादवपुरी उझानी) को जिला उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उदयवीर सिंह शाक्य (निवासी: ग्राम-रायपुर, मजरा पोस्ट-रिसौली) को संगठन में मुख्य भूमिका निभाते हुए जिला महासचिव मनोनीत किया गया है। रचित गुप्ता (निवासी: राजीव फिलिंग स्टेशन, दातागंज) को पार्टी के वित्तीय प्रबंधन की कमान सौंपते हुए जिला कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल द्वारा जारी इस पत्र की प्रतिलिपि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निजी सचिव समेत सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को भेज दी गई है। जनपद में इस त्रिकोणीय टीम की घोषणा के बाद से ही स्थानीय कार्यकर्ताओं और नवनियुक्त नेताओं के समर्थकों में भारी उत्साह है। पार्टी कार्यालय पर कल से ही बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
स्थानीय राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उझानी, रिसौली और दातागंज क्षेत्र से इन तीन चेहरों को आगे लाकर सपा ने जनपद में अपने सांगठनिक ढांचे को और विस्तार देने का प्रयास किया है, जिसका असर आने वाले दिनों में जमीन पर साफ दिखाई देगा।
Budaun Amarprabhat