जिलाधिकारी अवनीश राय व एसएसपी अंकिता शर्मा ने किया काँवड़ रूट का सघन स्थलीय निरीक्षण
रोड सेफ्टी, यातायात प्रबंधन और संवेदनशील प्वाइंट्स को लेकर मातहतों को दिए कड़े दिशा-निर्देश
बदायूँ। आगामी पवित्र काँवड़ यात्रा को पूरी तरह सकुशल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला व पुलिस प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। इसी क्रम में गुरुवार को जिलाधिकारी अवनीश राय तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने संयुक्त रूप से काँवड़ यात्रा मार्ग का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों शीर्ष अधिकारियों ने रूट पर रोड सेफ्टी व्यवस्थाओं, यातायात प्रबंधन, संवेदनशील स्थलों तथा मार्ग में आने वाले संभावित व्यवधानों का गहन परीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का खाका खींचा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अवनीश राय ने लोनिवि, नगर निकाय और विद्युत विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि शिवभक्तों की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सभी बुनियादी व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने काँवड़ मार्ग पर सड़कों की मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और साफ-सफाई को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर रूट का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने डायवर्जन प्लान, भीड़ नियंत्रण और संवेदनशील प्वाइंट्स पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती को लेकर क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को ब्रीफ किया। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि काँवड़ यात्रा के दौरान अराजक तत्वों पर पैनी नजर रखी जाएगी और यातायात को इस तरह संचालित किया जाएगा जिससे आम जनता और शिवभक्तों दोनों को सहूलियत रहे।
काँवड़ रूट के इस सघन निरीक्षण के दौरान जिले के तमाम आला अधिकारी भी धरातल पर मुस्तैद दिखे। मुख्य रूप से अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अरुण कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) अभिषेक कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी (नगर) रजनीश कुमार उपाध्याय सहित संबंधित क्षेत्रों के उपजिलाधिकारी, थाना प्रभारी व अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण मौजूद रहे। प्रशासन की इस त्वरित तैयारियों से साफ है कि आगामी काँवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहने वाली है।
Budaun Amarprabhat