कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिले 50 वर्षीय चंद्रपाल, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सप्ताह में एक दिन लगाते थे ‘दरबार’, पुत्र प्राप्ति समेत मनवांछित फल का दावा कर बटोरी थी ख्याति
अमर प्रभात ब्यूरो
बदायूं। थाना सिविल लाइन क्षेत्र के अंतर्गत बदायूं-दातागंज मार्ग पर स्थित लखनपुर बंजरा के पास शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे बने एक मंदिर के कमरे में पुजारी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। मृतक की पहचान चंद्रपाल (50 वर्ष), निवासी सोवरनपुर के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक और फॉरेंसिक विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। प्रथम दृष्ट्या मामला हत्या की आशंका से जोड़कर देखा जा रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, मृतक चंद्रपाल करीब 15 वर्ष पूर्व तक साधारण खेती-बाड़ी का काम करते थे। इसके बाद उन्होंने लखनपुर बंजरा के पास पहले से स्थापित एक पुराने मंदिर पर बैठना शुरू कर दिया और ‘भगत गिरी’ (तांत्रिक/धार्मिक अनुष्ठान) के कार्य में लग गए। धीरे-धीरे उन्होंने मंदिर परिसर के भीतर ही अपना पक्का आवास बना लिया और वहीं रहने लगे। परिजनों ने बताया कि अमूमन वह कुछ समय से शाम को घर लौट आते थे, लेकिन बीती रात शाम करीब 6:00 बजे वह घर से वापस मंदिर के लिए निकले थे, जिसके बाद सुबह उनका शव कमरे में मिला। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बेटियों और दो बेटों समेत चार बच्चों का रोता-बिलखता परिवार छोड़ गए हैं।
चर्चाओं के अनुसार, चंद्रपाल ने क्षेत्र और दूर-दराज के इलाकों में अपनी एक अलग पहचान बना ली थी। वह मंदिर परिसर में सप्ताह में एक दिन विशेष ‘दरबार’ लगाते थे। इस दरबार में आने वाले भक्तों को पुत्र प्राप्ति समेत तमाम मनवांछित इच्छाएं पूरी होने का दावा किया जाता था। स्थानीय लोगों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि इस दरबार में महिलाओं की उपस्थिति काफी अधिक रहती थी। कुछ महिलाएं तो प्रतिदिन वहां आती-जाती थीं और मंदिर में ‘सेविका’ के तौर पर काम करती थीं। पुजारी की अचानक हुई इस मौत को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं और कयासों का बाजार गर्म है।
घटना की सूचना पाकर चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। इसके बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर फॉरेंसिक और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स की टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। कमरे के सामान और स्थिति को देखकर पुलिस आपसी रंजिश, पारिवारिक विवाद और तंत्र-मंत्र के चक्कर समेत कई कोणों से मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद आगे की वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
“शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के संबंध में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।”
— प्रभारी निरीक्षक, थाना सिविल लाइन
Budaun Amarprabhat