अमर प्रभात ब्यूरो
बदायूँ। आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले ’12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस’ के उपलक्ष्य में शनिवार को बदायूं क्लब सभागार में एक भव्य योग अभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष शिविर में शहर के गणमान्य नागरिकों और योग प्रेमियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने और शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ रहने की शपथ दिलाई गई।
सभागार में आयोजित इस योग शिविर में मुख्य योग प्रशिक्षक सुश्री गुंजन ने उपस्थित साधकों को योग के विभिन्न आसनों और क्रियाओं का गहन अभ्यास कराया। उन्होंने प्राणायाम, कपालभांति, भस्त्रिका और सूर्य नमस्कार जैसे महत्वपूर्ण आसनों का सजीव प्रदर्शन करते हुए इनके वैज्ञानिक व स्वास्थ्य लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। योग प्रशिक्षक ने बताया कि आज की तनावभरी जिंदगी में योग न केवल शारीरिक विकारों को दूर करता है, बल्कि मानसिक शांति और एकाग्रता बढ़ाने में भी अचूक औषधि की तरह काम करता है।
बदायूं क्लब सभागार में आयोजित इस योग सत्र में सोशल डिस्टेंसिंग और अनुशासन का पालन करते हुए लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस सफल आयोजन में मुख्य रूप से शिवम वैश्य, वरिष्ठ समाजसेवी नरेश शंखधार, मयंक गुप्ता सहित क्लब के तमाम पदाधिकारी, सदस्य और स्थानीय योग साधक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat