Breaking News

अलापुर में चार वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के मामले का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

बदायूं/अलापुर। अलापुर थाना क्षेत्र में चार वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रविवार सुबह मुख्य आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जबकि एक उपनिरीक्षक भी आरोपी की फायरिंग में घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, 25 जून की शाम थाना क्षेत्र के एक गांव से चार वर्षीय बच्ची के लापता होने की सूचना मिलने पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों ने सर्च अभियान चलाया। कुछ घंटों बाद बच्ची गांव से करीब एक किलोमीटर दूर खेतों से बरामद हुई। बच्ची के शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो अधिनियम की धाराएं भी बढ़ाई गईं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना अलापुर पुलिस, महिला थाना, एसओजी और सर्विलांस टीमों ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पुलिस के अनुसार जांच में ग्राम भसराला निवासी 58 वर्षीय अबरार पुत्र लतीफ का नाम प्रकाश में आया।

रविवार सुबह आरोपी की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। इस दौरान थाना अलापुर में तैनात उपनिरीक्षक गौरव कुमार भी गोली लगने से घायल हुए।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा, चार खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, 110 रुपये नकद तथा घटना से संबंधित एक अंगोछा बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा उपचार के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

सरकारी नलकूप के पोल में उतरा करंट, कक्षा पांच के छात्र की मौत

Spread the loveमुजरिया। थाना क्षेत्र के गांव शेखा नगला में सरकारी नलकूप के पास लगे …