संवाददाता रिंकू भारद्वाज
उघैती (बदायूं)।
थाना उघैती क्षेत्र स्थित खितौरा विद्युत उपकेंद्र पर रविवार देर रात अज्ञात चोरों द्वारा मेन ट्रांसफार्मर से तेल चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद उपकेंद्र से जुड़े करीब 100 गांवों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे हजारों उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अज्ञात चोर विद्युत उपकेंद्र की पिछली दीवार फांदकर परिसर में प्रवेश कर गए और मेन ट्रांसफार्मर से तेल निकालकर फरार हो गए। सोमवार सुबह घटना की जानकारी होने पर विद्युत विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
ट्रांसफार्मर से तेल निकल जाने के कारण खितौरा विद्युत उपकेंद्र से पोषित लगभग 100 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीणों को पेयजल, घरेलू कार्यों तथा कृषि संबंधी कार्यों में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर अंबर सिंह ने बताया कि अज्ञात चोर उपकेंद्र की पिछली दीवार के रास्ते परिसर में घुसे और मेन ट्रांसफार्मर से तेल चोरी कर ले गए। उन्होंने बताया कि मामले की तहरीर थाना उघैती पुलिस को दी जा रही है। पुलिस तहरीर के आधार पर जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई करेगी।
फिलहाल विद्युत विभाग बिजली आपूर्ति जल्द से जल्द बहाल करने के प्रयास में जुटा हुआ है, जबकि पुलिस घटना की जांच कर रही है।
Budaun Amarprabhat