संवाददाता गोविन्द देवल
बदायूं। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिवस पर बुधवार को सांसद आदित्य यादव के बदायूं स्थित आवास पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सांसद के निजी सचिव अनिल गोस्वामी ने केक काटकर जन्मदिन मनाया और उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सफल नेतृत्व की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनिल गोस्वामी ने कहा कि अखिलेश यादव समाज के सभी वर्गों के सम्मान, अधिकार और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सोच सामाजिक न्याय, समानता, भाईचारे और जनकल्याण की भावना पर आधारित है।
जन्मदिवस के अवसर पर सेवा और मानवता का संदेश देते हुए कार्यकर्ताओं ने कछला स्थित मानव कल्याण समिति बड़ी गंगा कुष्ठ सेवा आश्रम एवं गंगा कुष्ठ आश्रम पहुंचकर कुष्ठ रोगियों को फल वितरित किए। साथ ही उनका हालचाल जाना और जरूरतमंदों की सेवा का संकल्प लिया।
इसी क्रम में पीडीए के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक न्याय का संदेश भी दिया गया। उपस्थित लोगों ने संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक समरसता और पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने अखिलेश यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अनिल यादव, जवर सिंह, एन.पी. सिंह, राहुल, प्रशांत, सोनू शर्मा सहित अन्य समाजवादी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat