
सहसवान (बदायूं)। वन महोत्सव के अवसर पर बुधवार को सहसवान तहसील के ग्राम मानकपुर स्थित सरसोता पौराणिक शिव मंदिर परिसर में वन विभाग की ओर से स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान “आम बाहर, आपके द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत ग्रामीणों को आम के फलदार पौधों का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय वन अधिकारी सहसवान एवं वन विभाग के कर्मचारियों ने ग्राम प्रधान हरेंद्र यादव, मंदिर के महंत तथा ग्रामीणों के साथ मिलकर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की। उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि वन महोत्सव का उद्देश्य अधिक से अधिक पौधारोपण कर हरित वातावरण को बढ़ावा देना तथा लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित करना है। “आम बाहर, आपके द्वार” अभियान के तहत फलदार पौधों का वितरण कर ग्रामीणों को इन्हें लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक पौधों का वितरण प्राप्त किया और पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा पौधों की देखभाल का संकल्प लिया। वन विभाग ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें संरक्षित रखने की अपील की।
Budaun Amarprabhat