संवाददाता गोविन्द देवल 
बदायूं। मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने गुरुवार को विकास खंड वजीरगंज का औचक निरीक्षण कर विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने ब्लॉक कार्यालय, निर्माणाधीन गौशाला, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, मनरेगा कार्यों और ग्राम पंचायत भवन का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सबसे पहले सीडीओ ने विकास खंड वजीरगंज कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय खंड विकास अधिकारी शैली गोबिल अपने स्टाफ के साथ मौजूद मिलीं। उन्होंने प्रधानमंत्री मॉडल आवास, कार्यालय परिसर, स्टोर और स्टाफ कक्ष का निरीक्षण किया। कार्यालय में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।
इसके बाद सीडीओ ने ग्राम गुठेला में निर्माणाधीन वृहद गौशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराने और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
नगर पंचायत वजीरगंज की कान्हा गौशाला के निरीक्षण के दौरान गोवंशों की कम संख्या मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। मौके पर केवल 60 गोवंश संरक्षित मिले। वहीं एक गाय बीमार मिलने पर पशु चिकित्साधिकारी को तत्काल समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए।
कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय के औचक निरीक्षण में एक फुल टाइम शिक्षिका और दो रसोइये अनुपस्थित मिले। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के अंतिम चरण में सीडीओ ने ग्राम पंचायत बनकोटा में मनरेगा से खुदवाए गए तालाब का निरीक्षण किया। उन्होंने वृक्षारोपण के अच्छे कार्य की सराहना की। ग्राम पंचायत भवन स्थित डिजिटल लाइब्रेरी का अवलोकन कर वहां बेहतर प्रकाश व्यवस्था कराने और ग्रामीणों को डिजिटल लाइब्रेरी की जानकारी देने के लिए मुनादी कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा सामुदायिक शौचालय तथा मियावाकी जापानी पद्धति से प्रस्तावित वृहद वृक्षारोपण स्थल का भी निरीक्षण किया।
Budaun Amarprabhat