उझानी (बदायूं)। उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव अथईया में शुक्रवार सुबह 18 वर्षीय युवक का शव खेत में बनी झोपड़ी के नीचे चारपाई पर मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान गौतम (18) पुत्र जयपाल, निवासी गांव रामपुर, थाना कासगंज, जनपद कासगंज के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था, जिसके बाद वह अपने मामा के घर गांव अथईया में रह रहा था। उसका पालन-पोषण मामा, मामी और नानी कर रहे थे।
बताया गया कि शुक्रवार सुबह गौतम खेत में बनी झोपड़ी के नीचे चारपाई पर मृत अवस्था में मिला। परिजनों का कहना है कि उसके गले तथा हाथ-पैरों पर चोट जैसे निशान दिखाई दिए।
मृतक के मामा मानपाल ने घटना को संदिग्ध बताते हुए कहा कि उन्हें युवक की मौत सामान्य नहीं लग रही है। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले पड़ोस में रहने वाली एक लड़की के परिजनों से उनका विवाद हुआ था। हालांकि, उन्होंने कहा कि आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।
घटना की सूचना मिलने पर उझानी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।
Budaun Amarprabhat