संवाददाता
बदायूं। जरीफनगर थाना पुलिस ने भूरे सिंह हत्याकांड में फरार चल रहे दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद करने का दावा किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 26 जून को थाना जरीफनगर क्षेत्र स्थित राव फार्म हाउस में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद ग्राम अल्लीपुर टप्पा हवेली निवासी भूरे सिंह अपने साथी राकेश के साथ लौट रहे थे। दांदरा-करियावेन संपर्क मार्ग पर दोनों के साथ मारपीट की घटना हुई थी। गंभीर रूप से घायल भूरे सिंह को सीएचसी सहसवान ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल राकेश को राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं रेफर किया गया था।
मृतक के पुत्र राजाबाबू की तहरीर पर थाना जरीफनगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया था। इस मामले के मुख्य आरोपी कप्तान सिंह को पुलिस पहले ही 30 जून को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
इसी क्रम में शुक्रवार को थाना जरीफनगर पुलिस ने मुखबिर की सूचना एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर दूसरे आरोपी कुमरपाल पुत्र केहर सिंह उर्फ केहरी, निवासी ग्राम अल्लीपुर टप्पा हवेली, थाना सहसवान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद की गई है।
पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया गया। मामले में अन्य बिंदुओं पर भी पुलिस की जांच जारी है।
Budaun Amarprabhat