संवाददाता गोविन्द देवल
बदायूँ। दातागंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान बदमाश की गोली लगने से एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल पुलिसकर्मी और आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, थाना दातागंज पुलिस बेलाडांडी पुल के पास संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही एक कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर वाहन लेकर भागने लगा। कुछ दूरी पर कार फंस गई तो पुलिस ने घेराबंदी कर ली। खुद को घिरा देख बदमाश कार से उतरकर भागने लगे और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इस दौरान एक पुलिसकर्मी घायल हो गया।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी। घायल बदमाश ने पूछताछ में अपना नाम सनी सैनी, निवासी सोरों, जनपद कासगंज बताया। उसका एक साथी मौके से भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश की जा रही है।
पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी थाना दातागंज क्षेत्र में हुई जहरखुरानी की घटना में वांछित था। आरोप है कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर पीड़ित की नकदी और एटीएम कार्ड चोरी किए थे। इस मामले में उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, नकदी तथा एक कार (रजिस्ट्रेशन संख्या HR 26 DU 1431) बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी सनी सैनी के खिलाफ बदायूँ सहित अन्य जनपदों में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और चोरी समेत गंभीर धाराओं में करीब छह मुकदमे दर्ज हैं। फरार आरोपी की तलाश जारी है और मुठभेड़ के संबंध में थाना दातागंज में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Budaun Amarprabhat