संवाददाता गोविन्द देवल
बदायूं। आगामी निर्वाचन की तैयारियों के तहत जिला प्रशासन ने जनपद के सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए प्रस्तावित मतदेय स्थलों (मतदान केंद्रों) की आलेख्य सूची प्रकाशित कर दी है। आम नागरिक और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल 11 जुलाई 2026 तक इस सूची पर अपने सुझाव एवं आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अवनीश राय ने बताया कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा-25 तथा भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में 23-बदायूं लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली बिसौली, सहसवान, बिल्सी और बदायूं विधानसभा तथा 24-आंवला लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली शेखूपुर और दातागंज विधानसभा क्षेत्रों के लिए प्रस्तावित मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची जारी की गई है।
उन्होंने बताया कि यह सूची 4 जुलाई 2026 से एक सप्ताह के लिए प्रकाशित की गई है। मतदाता इसे सभी उपजिलाधिकारी कार्यालयों के साथ-साथ एनआईसी की वेबसाइट पर भी देख सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनसामान्य एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपील की है कि यदि सूची के संबंध में कोई आपत्ति या सुझाव हो तो उसे 11 जुलाई 2026 तक लिखित रूप में जिला निर्वाचन कार्यालय, बदायूं अथवा संबंधित उपजिलाधिकारी/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं तहसीलदार/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में प्रस्तुत किया जा सकता है।
Budaun Amarprabhat