संवाददाता रवि शकंर
सहसवान (बदायूं)। नगर पालिका परिषद सहसवान के कई सभासदों ने रविवार को कोतवाली पहुंचकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कुछ पोस्टों पर आपत्ति जताते हुए पुलिस को सामूहिक शिकायती पत्र सौंपा। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
शिकायती पत्र में सभासदों ने कहा है कि “सहसवान का आईना” नाम से संचालित एक फेसबुक आईडी से नगर पालिका अध्यक्ष बाबर मियां तथा वार्ड सभासदों के संबंध में लगातार आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणियां एवं पोस्ट साझा की जा रही हैं। उनका कहना है कि इससे निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की छवि प्रभावित हो रही है और नगर का सामाजिक माहौल भी प्रभावित होने की आशंका है।
सभासदों ने पुलिस से साइबर कानूनों के तहत मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया। उन्होंने संबंधित सोशल मीडिया पोस्टों के स्क्रीनशॉट भी शिकायती पत्र के साथ साक्ष्य के रूप में उपलब्ध कराए।
इस दौरान सभासद चन्द्रपाल मौर्य, तहसीन बेगम, मुन्नी देवी, जुफर इकबाल, मोहम्मद इनाम सहित एक दर्जन से अधिक सभासद मौजूद रहे। सभी ने मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की।
उधर, पुलिस ने शिकायती पत्र प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Budaun Amarprabhat