सहसवान (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के गांव सादपुर में रविवार देर रात एक बारात के दौरान करंट लगने से दर्दनाक हादसा हो गया। बारात में चल रही रंगशाला (डीजे) की ट्रॉली कथित रूप से ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों के संपर्क में आ गई, जिससे ट्रॉली में करंट फैल गया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग झुलस गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रविवार रात करीब 12 बजे गांव में बारात निकाली जा रही थी। इसी दौरान बारात के साथ चल रही रंगशाला की ट्रॉली रास्ते में बिजली के तारों के संपर्क में आ गई। इसके बाद ट्रॉली में अचानक करंट दौड़ गया और वहां अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में आपिल यादव पुत्र धर्मपाल यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं श्री ओम सहित चार-पांच अन्य लोग भी करंट की चपेट में आकर झुलस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए शोर मचाया और बिजली आपूर्ति बंद कराए जाने के बाद घायलों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद बारात का खुशियों भरा माहौल पलभर में गम में बदल गया। ग्रामीणों ने बताया कि करंट लगते ही ट्रॉली के आसपास मौजूद लोग गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सावधानी बरतते हुए घायलों को बाहर निकाला।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा ट्रॉली की ऊंचाई और बिजली के तारों के संपर्क में आने के कारण हुआ प्रतीत होता है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
Budaun Amarprabhat