
इस्लामनगर पुलिस की कार्रवाई, खंडहर गौशाला से बरामद हुईं सात बाइक; कई वाहनों के असली मालिकों की तलाश जारी
बदायूं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना इस्लामनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने देर रात चेकिंग के दौरान तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों में अधिकांश बिना नंबर प्लेट के मिले हैं, जबकि कुछ पर नंबर अंकित हैं। पुलिस अब इनके वास्तविक मालिकों का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, समदनगर-अलीनगर चौराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान तीन युवक अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर आते दिखाई दिए। रोककर पूछताछ करने पर वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। सख्ती से पूछताछ में उन्होंने वाहन चोरी की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर अल्लाहैपुर-इस्लामनगर मार्ग स्थित एक खंडहर गौशाला से चोरी की सात और मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संभल जनपद के जुनावई थाना क्षेत्र के स्यौहरा निवासी फूल सिंह उर्फ मोनू, रजपुरा थाना क्षेत्र के पानीवाला निवासी मनवीर तथा बहजोई थाना क्षेत्र के मउकठेर निवासी आदित्य के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी फूल सिंह उर्फ मोनू के खिलाफ गौतमबुद्धनगर समेत अन्य जनपदों में भी वाहन चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। वहीं मनवीर पर भी पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस का कहना है कि बरामद सभी मोटरसाइकिलों का सत्यापन कराया जा रहा है और उनके वास्तविक स्वामियों का पता लगाकर वाहन सुपुर्द किए जाएंगे। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि गिरोह ने अन्य जनपदों में भी वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं।
Budaun Amarprabhat