बिल्सी। नगर के मोहल्ला नंबर पांच में पिछले करीब 20 दिनों से जलभराव की समस्या बनी हुई है। सड़क पर पानी भरे रहने से स्थानीय लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। लोगों का कहना है कि जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण हालात लगातार खराब होते जा रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने विधायक हरीश शाक्य और नगर पालिका अध्यक्ष ज्ञान देवी सागर से समस्या के समाधान की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक मोहल्ले के नालों को मुख्य नाले से नहीं जोड़ा जाएगा, तब तक जलभराव की समस्या दूर नहीं होगी।
नागरिकों का यह भी कहना है कि यदि जलनिकासी की व्यवस्था किए बिना केवल सड़क को ऊंचा किया गया, तो आसपास के मकानों में पानी भरने की आशंका और बढ़ जाएगी। ऐसे में पहले नालों की उचित निकासी सुनिश्चित की जाए, उसके बाद सड़क निर्माण कराया जाए।
मोहल्लेवासियों ने जनप्रतिनिधियों और नगर पालिका प्रशासन से शीघ्र मौके का निरीक्षण कर स्थायी समाधान कराने की मांग की है, ताकि लोगों को जलभराव से राहत मिल सके।
Budaun Amarprabhat