यूट्यूब चैनल के जरिए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी अभियानों की मिलेगी प्रमाणिक जानकारी
बदायूं, प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की सही एवं प्रमाणिक जानकारी अब आमजन तक डिजिटल माध्यम से और तेजी से पहुंचेगी। उत्तर प्रदेश सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल ‘सूचना प्रवाह’ की शुरुआत की है। इस मंच के जरिए सरकार की योजनाओं, नीतियों, विकास परियोजनाओं और जनहित से जुड़े अभियानों की तथ्यपरक जानकारी लोगों तक नियमित रूप से पहुंचाई जाएगी।
सहायक निदेशक सूचना आशुतोष चन्दोला ने बताया कि ‘सूचना प्रवाह’ केवल एक यूट्यूब चैनल नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम है। इस प्लेटफॉर्म पर सरकारी योजनाओं की जानकारी के साथ-साथ विभाग द्वारा तैयार वृत्तचित्र, विशेष रिपोर्ट, प्रेरणादायी वीडियो, जागरूकता अभियान और महत्वपूर्ण आयोजनों का भी प्रसारण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल मीडिया जनसंचार का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है। ऐसे में यह मंच नागरिकों तक सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों की विश्वसनीय जानकारी सरल, सहज और आकर्षक स्वरूप में पहुंचाने का कार्य करेगा।
सहायक निदेशक सूचना ने आमजन से अपील की है कि वे यूट्यूब पर ‘सूचना प्रवाह’ चैनल को देखें, सब्सक्राइब करें और अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाएं, ताकि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंच सके।
Budaun Amarprabhat