बिनावर। थाना क्षेत्र के ग्राम उसैता में एक गरीब परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अज्ञात कारणों से लगी आग ने घर की पूरी गृहस्थी को राख में तब्दील कर दिया। इस हृदयविदारक घटना में एक नेत्रहीन पिता द्वारा अपनी बेटी की शादी के लिए कड़ी मेहनत से जुटाया गया सामान भी जलकर नष्ट हो गया।
पीड़ित मोहम्मद नबी, जो कि नेत्रहीन हैं, ने अत्यंत गरीबी में रहकर अपनी बेटी की शादी के लिए पाई-पाई जोड़कर सामान और नकदी जुटाई थी। बताया जा रहा है कि आग लगने से घर में रखा गृहस्थी का सारा सामान और शादी की तैयारियां धू-धू कर जल गईं। पीड़ित के अनुसार, इस अग्निकांड में उन्हें लगभग 70,000 रुपये का भारी नुकसान हुआ है।
आग की लपटें उठती देख परिजनों ने शोर मचाया और ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते सब कुछ स्वाहा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय लेखपाल अवनीश कुमार मौके पर पहुँचे और स्थिति का जायजा लिया।
घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद लेखपाल ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और हर संभव सरकारी मदद दिलाने का आश्वासन दिया। फिलहाल, प्रशासन नुकसान का आकलन कर अपनी रिपोर्ट तैयार कर रहा है ताकि गरीब परिवार को मुआवजा मिल सके। क्षेत्र में इस घटना को लेकर काफी दुख व्याप्त है और लोग पीड़ित परिवार की सहायता के लिए आगे आ रहे हैं।
Budaun Amarprabhat