हजरतपुर। विकास खंड म्याऊं के अंतर्गत ग्राम हजरतपुर की सड़कें अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही हैं। सड़क पर बने गहरे गड्ढे और जलभराव की समस्या ने स्थानीय निवासियों, दुकानदारों और राहगीरों का जीना दुश्वार कर दिया है। बार-बार गुहार लगाने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी मूकदर्शक बने हुए हैं।
हजरतपुर मुख्य मार्ग पर जगह-जगह हुए गड्ढे किसी बड़े हादसे को दावत दे रहे हैं। जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण हल्की बारिश में ही सड़क तालाब का रूप ले लेती है। इससे स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का निकलना दूभर हो गया है। दोपहिया वाहन चालक अक्सर फिसलकर चोटिल हो रहे हैं, जिससे क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश है।
स्थानीय दुकानदारों ने संयुक्त रूप से बताया कि बदहाल सड़क और जलभराव के चलते उनके व्यवसाय पर भी बुरा असर पड़ रहा है। अभिषेक मौर्य, विशेष मौर्य, नरवीर शाक्य, धनेंद्र राघव, प्रवीण कुमार, संजू गुप्ता, ओमेंद्र राठौर, हिंदपाल सिंह, गोविंद सिंह और अमन सिंह सहित दर्जनों दुकानदारों का कहना है कि वे जिला प्रशासन से लेकर संबंधित विभाग तक कई बार फरियाद कर चुके हैं, लेकिन आश्वासन के सिवाय उन्हें कुछ नहीं मिला।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल प्रभाव से सड़क की मरम्मत कराने और जल निकासी के लिए नालियों के निर्माण की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। अब देखना यह है कि प्रशासन कब तक इस गंभीर जनसमस्या का संज्ञान लेता है और ग्रामीणों को राहत पहुंचाता है।
Budaun Amarprabhat