मुजरिया। थाना क्षेत्र के गांव शेखा नगला में सरकारी नलकूप के पास लगे लोहे के पोल में करंट उतरने से 12 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार कोतवाली सहसवान क्षेत्र के गांव वाजिदपुर निवासी शैलेश (12) पुत्र शैतान अपने ननिहाल शेखा नगला में रहकर न्यू आदर्श पब्लिक स्कूल में कक्षा पांच की पढ़ाई कर रहा था। बताया गया कि स्कूल से लौटने के दौरान वह सरकारी नलकूप संख्या 102 के पास पहुंचा। इसी दौरान लोहे के पोल के संपर्क में आने से वह करंट की चपेट में आ गया। गंभीर हालत में उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों और ग्रामीणों ने पोल में करंट उतरने की बात कहते हुए विद्युत विभाग के अधिकारियों से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता दिलाने की मांग की है।
Budaun Amarprabhat