बदायूं। थाना बिनावर क्षेत्र के घटपुरी रेलवे फाटक के पास संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। शनिवार दोपहर भारतीय किसान यूनियन टिकैत के मंडल प्रवक्ता राजेश कुमार सक्सेना के नेतृत्व में दर्जनों गांवों के ग्रामीणों ने करीब एक घंटे तक जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि एनएच-53 और गंगा एक्सप्रेसवे निर्माण में भारी वाहनों की आवाजाही से मार्ग खराब होकर दलदल में तब्दील हो गया है। जगह-जगह गहरे गड्ढों में पानी भर गया है, जिससे आवागमन प्रभावित है। प्रदर्शन की सूचना पर बिनावर पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने घटपुरी रेलवे स्टेशन अधीक्षक के माध्यम से डीआरएम इज्जतनगर को तीन सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर मार्ग दुरुस्त कराने की मांग की। राजेश कुमार सक्सेना ने चेतावनी दी कि जल्द समाधान न होने पर आंदोलन किया जाएगा।
Budaun Amarprabhat