बदायूं। प्रदेश के लेखपालों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एसीओ) व एंटी करप्शन एवं विजिलेंस टीम द्वारा की जा रही कथित गलत और अनुचित ट्रैप कार्रवाई को लेकर लेखपालों में रोष है। लेखपालों ने ऐसी कार्रवाई पर रोक लगाने और शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि वे राजस्व विभाग की अग्रिम पंक्ति के कर्मचारी हैं और गांव-गांव जाकर भूमि विवाद, पैमाइश, अतिक्रमण सहित अन्य राजस्व कार्यों का दायित्व निभाते हैं। आरोप है कि नियमों के विपरीत काम न करने पर कुछ लोग निजी स्वार्थ या रंजिश के चलते झूठी शिकायत कर फंसाने का प्रयास करते हैं। लेखपालों ने शिकायतकर्ता की पृष्ठभूमि, शिकायत के उद्देश्य और संबंधित लेखपाल के वास्तविक अधिकार क्षेत्र की जांच के बाद ही कार्रवाई की मांग की। अयोध्या की तहसील सोहावल में 20 अगस्त को लेखपाल उत्कर्षदीप के मामले को लेकर भी सवाल उठाए गए। इस संबंध में एसडीएम राजेश कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारी और कई लेखपाल मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat