बदायूं। जातीय आरक्षण और एससी-एसटी एक्ट को समाप्त करने समेत पांच सूत्रीय मांगों को लेकर क्षत्रिय महासभा बदायूं एवं महाराणा प्रताप विकास ट्रस्ट के तत्वावधान में मंगलवार को प्रदर्शन किया गया। मंडलीय संगठन मंत्री विजय पाल सिंह भदौरिया और जिलाध्यक्ष राकेश सिंह के नेतृत्व में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृह मंत्री तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री को संबोधित मांगपत्र जिलाधिकारी के माध्यम से प्रेषित किया गया।
विजय पाल सिंह भदौरिया ने कहा कि संगठन आर्थिक आधार पर आरक्षण की व्यवस्था और एक परिवार को एक बार आरक्षण का लाभ देने की नीति के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि वर्तमान व्यवस्था से प्रतिभाओं और युवाओं में असंतोष है।
जिलाध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि सामान्य वर्ग में विभिन्न सामाजिक वर्ग शामिल हैं और सवर्ण समाज की समस्याओं पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय पर सत्याग्रह की रणनीति तैयार की जा रही है। इसमें सवर्ण संगठनों के साथ अल्पसंख्यक तथा आरक्षण का लाभ न पाने वाले वर्गों को भी जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान राम प्रताप सिंह, अखिलेश चौहान, रतन वीर सिंह तोमर, विजय रतन सिंह, सतेंद्र पाल सिंह चौहान, डॉ. एसके सिंह, सुरेश सिंह सिसौदिया सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat