महाराजगंज। विज्ञान एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘भारत विज्ञान यात्रा’ का शुभारंभ 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर महाराजगंज से हुआ। यात्रा के माध्यम से विद्यार्थियों और आमजन को विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं अंतरिक्ष विज्ञान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
संस्थापक एसटी अली और सह-संस्थापक दिशांक श्रीवास्तव के नेतृत्व में आयोजित प्रथम एपिसोड में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। गोरखपुर नक्षत्रशाला के खगोलविद अमर पाल सिंह मुख्य वक्ता रहे, जबकि विज्ञान संचारक संजीव कुमार ने वैज्ञानिक प्रयोगों के माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान के व्यावहारिक पहलुओं से परिचित कराया।
डे एंड नाइट स्पेस फाउंडेशन की टीम ने विशेष दूरबीनों और सोलर गॉगल्स से आकाश दर्शन कराया। वीआर, थ्री-डी प्रिंटर, रॉकेट मॉडल और हाइड्रा रॉकेट जैसी गतिविधियों ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। भारत विज्ञान रत्न का पुरस्कार मनीष पटेल, भारत विज्ञान गौरव मोहम्मद कयूम और भारत विज्ञान प्रतिभा पुरस्कार युवराज को मिला।
आयोजकों ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य विज्ञान को पुस्तकों और प्रयोगशालाओं तक सीमित न रखकर जनजीवन से जोड़ना है। कार्यक्रम में डॉ. पंकज तिवारी, जियावुल्लाह, अखिलेश मिश्रा, शीतल पटेल, ज्योति विश्वकर्मा, मुस्तान शेरुल्लाह, अमरेश कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat