बिल्सी। नगर में मंगलवार को बिजली विभाग की ओर से बकाया विद्युत बिलों की वसूली और बिजली चोरी रोकने के लिए अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व नगर के जेई राजेश कुमार ने किया। विभागीय टीम ने विभिन्न मोहल्लों में पहुंचकर उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन और मीटरों की जांच की।
अभियान के दौरान लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं से बकाया राशि का भुगतान करने की अपील की गई। टीम ने उपभोक्ताओं को समय से बिल जमा करने और विभागीय नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया। वहीं बिजली चोरी की शिकायत वाले स्थानों पर भी टीम ने जांच-पड़ताल की।
जेई राजेश कुमार ने कहा कि बिजली चोरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच के दौरान अनियमितता मिलने पर संबंधित उपभोक्ता के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से वैध कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली का उपयोग करने और बकाया बिलों का समय से भुगतान करने की अपील की।
अभियान को लेकर बिजली उपभोक्ताओं में हलचल रही। टीम में पप्पू शाक्य, मंगलीराम, सत्यपाल सिंह, अजय राजपूत, आकाश कुमार, प्रेमपाल, ग्रीश बाबू आदि मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat