सहसवान पुलिस ने मोबाइल झपटमारी का किया पर्दाफाश
2 शातिर गिरफ्तार; लूटा गया फोन व बाइक बरामद
बदायूं। थाना सहसवान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 48 घंटे के भीतर मोबाइल झपटमारी की घटना का सफल अनावरण किया है। पुलिस ने मामले में दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छीना गया वीवो स्मार्टफोन और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
मामला 26 अगस्त का है, जब कस्बा सहसवान के शहबाजपुर बिजली घर के पास मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात बदमाशों ने मोहल्ला शहबाजपुर निवासी अनुज के हाथ से वीवो मोबाइल फोन झपट लिया था। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने बीएनएस की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध नियंत्रण व वांछितों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत, एसपी देहात के निर्देशन व क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सहसवान व उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह की टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने सटीक सुरागरसी और मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को कछला रोड स्थित गैस एजेंसी के पास घेराबंदी कर दोनों अभियुक्तों शबाब और वासिफ दोनों निवासी मोहल्ला शहबाजपुर, नई बस्ती, थाना सहसवान, को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए दोनों अभियुक्तों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उनके पास से लूटा गया वीवो मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस ने विधिक कार्रवाई पूरी कर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
Budaun Amarprabhat