बदायूं। रिजर्व पुलिस लाइन बदायूं में शनिवार को आयोजित ‘परिवार परामर्श केंद्र’ की बैठक में आपसी मतभेद और कलह की वजह से बिखरने की कगार पर पहुंचे परिवारों को जोड़ने का सराहनीय प्रयास किया गया।
काउंसलिंग सत्र में कुल 49 पारिवारिक विवादों की पत्रावलियां प्रस्तुत की गईं। परामर्श केंद्र के वरिष्ठ काउंसलर गिरधारी सिंह राठौर, सुषमा कथूरिया, नाजमा बरकाती, एस.डी. शर्मा और केंद्र प्रभारी महिला हेड कांस्टेबल कुमुद, महिला कांस्टेबल राखी व संध्या की टीम ने दोनों पक्षों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना।
सघन काउंसलिंग और सकारात्मक मध्यस्थता के बाद 32 मामलों में विचार-विमर्श किया गया, जिनमें से 3 परिवारों ने आपसी गिले-शिकवे भुलाकर एक साथ रहने पर सहमति जताई। वहीं, 11 फाइलें विधिक व तकनीकी कारणों से निरस्त की गईं और शेष मामलों में दोनों पक्षों को अगली तिथि दी गई।
समझौता होने के बाद पुलिस टीम व काउंसलरों ने दंपति एवं उनके परिजनों को नए सिरे से दांपत्य जीवन की शुरुआत करने के लिए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देकर विदा किया। इस संवेदनशील पहल से परिवारों को टूटने से बचाने के लिए बदायूं पुलिस की चौतरफा सराहना की जा रही है।
Budaun Amarprabhat