बदायूं। जिलाधिकारी अवनीश राय ने मंगलवार को दातागंज तहसील क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांव भुंडी, रहपुरा और कदम नगला का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कटान की स्थिति देखने के साथ ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं और जरूरतें जानीं। निरीक्षण में क्षेत्र में 500 मीटर से अधिक कटान पाया गया। डीएम ने अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में पशु चिकित्सा टीमें सप्ताह में कम से कम दो दिन पहुंचकर पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण करें। साथ ही स्वास्थ्य शिविर लगाकर ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। डीएम भुंडी से नाव के जरिए कदम नगला और रहपुरा पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। इस दौरान एसडीएम दातागंज विनोद कुमार सिंह समेत अधिकारी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat